Shooting incident arrest | Police investigation murder | Criminal arrest news | Police remand accused | Update News | पलवल में युवक की हत्या करने वाला पकड़ा: हमलावरों ने घर में घुसकर की फायरिंग, पुरानी रंजिश में ली जान – Palwal News

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी नरेश।

पलवल के मित्रोल गांव में हुई सुनील की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बाद कबूली है। आरोपी ने अपने एक साथी के साथ सुनिल को गोली मारी थी।

मुंडकटी थाना पुलिस ने मित्रोल गांव के रहने वाले नरेश को पकड़ा है। घटना 24 मार्च की शाम की है। मित्रोल गांव के रणजीत सिंह ने बताया कि वह दीघोट रोड पर अपने घर में परिवार के साथ मौजूद थे। उसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर देखा तो सुनील उनके घर की तरफ भागता हुआ आ रहा था। उसके पीछे दो युवक गोली चला रहे थे। इनमें से एक युवक मित्रोल गांव का रहने वाला था।

कई राउंड फायरिंग कर हत्या की

सुनील अपनी जान बचाने के लिए रणजीत के घर में घुस गया। आरोपी भी पीछे-पीछे घर में घुस आए। दोनों ने सुनील पर कई राउंड फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मुंडकटी थाना प्रभारी निरीक्षक रेनू शेखावत के नेतृत्व में गठित टीम ने 28 मार्च को आरोपी नरेश को गिरफ्तार किया।

कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।