RCB beat CSK at Chepauk after 17 years MS Dhoni Lightning fast stumping Jadeja Kohli | चेपॉक में 17 साल बाद RCB ने CSK को हराया: धोनी ने 0.16 सेकेंड में स्टंपिंग की, रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे; रिकॉर्ड-मोमेंट्स

चेन्नई43 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 17 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स को उन्हीं के होमग्राउंड चेपॉक में हराया। टीम को 2008 में आखिरी जीत मिली थी। RCB ने शुक्रवार को 196 रन बनाए, जवाब में CSK 146 रन ही बना सकी। बेंगलुरु ने 50 रन से मैच जीत लिया।

CSK के विकेटकीपर एमएस धोनी ने 0.16 सेकेंड में स्टंपिंग की। RCB के कप्तान रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे। रवींद्र जडेजा IPL में 3000 रन और 150 प्लस विकेट लेने वाले इकलौते खिलाड़ी बने।

CSK vs RCB मैच के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स

1. धोनी ने फिर की तेज स्टंपिंग

चेन्नई सुपर किंग्स को पहला विकेट विकेटकीपर एमएस धोनी की बहुत तेज स्टंपिंग के चलते मिला। 5वें ओवर की आखिरी बॉल नूर अहमद ने ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ पर फेंकी। सॉल्ट कवर ड्राइव खेलने गए, लेकिन मिस कर गए। धोनी ने बॉल कलेक्ट की और सॉल्ट का पैर क्रीज में आने से पहले ही गिल्लियां उड़ा दीं। उन्होंने 0.16 सेकेंड में स्टंपिंग की।

फिल सॉल्ट 32 रन बनाकर आउट हुए। धोनी ने मुंबई के खिलाफ टीम के पहले मैच में भी इसी तरह की तेज स्टंपिंग की थी। तब उन्होंने सूर्यकुमार यादव को पवेलियन भेजा था।

एमएस धोनी को स्टंपिंग करने के लिए महज 0.16 लगा।

एमएस धोनी को स्टंपिंग करने के लिए महज 0.16 लगा।

2. कोहली के हेलमेट पर बॉल लगी, अगली गेंद पर छक्का लगाया

11वें ओवर में मथीश पथिराना की बाउंसर विराट कोहली के हेलमेट पर लगी। विराट पुल शॉट खेलने गए, लेकिन गेंद मिस कर गए। फिजियो मैदान में आए और कोहली को चेक करने लगे। विराट ने कुछ देर बाद बैटिंग शुरू की और अगली ही गेंद पर छक्का लगा दिया।

हेलमेट पर बॉल लगने के बाद विराट कोहली को चेक करते फिजियो।

हेलमेट पर बॉल लगने के बाद विराट कोहली को चेक करते फिजियो।

3. रजत पाटीदार के 3 कैच छूटे

बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को 3 जीवनदान मिले। दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी और खलील अहमद ने 8 गेंद के अंदर रजत के 3 कैच छोड़े। जीवनदान के वक्त उनके 17 रन थे, उन्होंने 51 रन की पारी खेली।

  • 12वें ओवर की तीसरी बॉल रवींद्र जडेजा ने गुड लेंथ पर फेंकी। पाटीदार ने शॉट खेला, लेकिन गेंद लॉन्ग ऑफ पर खड़ी हो गई। हुड्डा तेजी से बॉल के नीचे आए, लेकिन कैच नहीं पकड़ सके। पाटीदार इस वक्त 17 रन पर थे।
  • 13वें ओवर की पहली बॉल नूर अहमद ने ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी। पाटीदार ने बड़ा शॉट खेला, लेकिन गेंद कवर्स पोजिशन पर खड़ी हो गई। त्रिपाठी ने डाइव लगाई, लेकिन मुश्किल कैच नहीं पकड़ सके। पाटीदार इस वक्त 19 रन पर थे।
  • 13वें ओवर की पांचवीं बॉल नूर अहमद ने फुलर लेंथ फेंकी। पाटीदार ड्राइव करने गए, लेकिन बॉल थर्ड मैन की ओर खड़ी हो गई। खलील अहमद ने डाइव लगाई, लेकिन कैच छूट गया। पाटीदार इस वक्त 20 रन पर थे।
राहुल त्रिपाठी ने कवर्स पोजिशन पर रजत पाटीदार का कैच छोड़ा।

राहुल त्रिपाठी ने कवर्स पोजिशन पर रजत पाटीदार का कैच छोड़ा।

4. टिम डेविड ने 3 लगातार छक्के लगाए

20वें ओवर में बेंगलुरु के टिम डेविड ने सैम करन के खिलाफ लगातार 3 छक्के लगाए। करन ने ओवर की शुरुआती 2 गेंदें डॉट करा दीं। डेविड ने तीसरी बॉल पर लॉन्ग लेग, चौथी गेंद पर सामने और पांचवीं गेंद पर लॉन्ग ऑन की दिशा में छक्का लगा दिया। उन्होंने 8 गेंद पर 22 रन बनाए।

टिम डेविड ने 20वें ओवर में लगातार 3 छक्के लगाए।

टिम डेविड ने 20वें ओवर में लगातार 3 छक्के लगाए।

5. हेजलवुड को 1 ओवर में 2 विकेट

बेंगलुरु के जोश हेजलवुड ने अपने पहले ही ओवर में 2 विकेट झटक लिए। उन्होंने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद बाउंसर फेंकी। राहुल त्रिपाठी मिड-विकेट पोजिशन पर फिल सॉल्ट के हाथों कैच हो गए। हेजलवुड ने ओवर की छठी गेंद शॉर्ट पिच फेंकी, इस बार CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड लॉन्ग लेग पर मनोज भांडागे के हाथों कैच हो गए।

जोश हेजलवुड ने 1 ही ओवर में 2 विकेट लिए।

जोश हेजलवुड ने 1 ही ओवर में 2 विकेट लिए।

6. एक ही ओवर में आउट हुए रचिन-शिवम

CSK के 2 टॉप स्कोरर रचिन रवींद्र और शिवम दुबे एक ही ओवर में आउट हो गए। दोनों को 13वें ओवर में यश दयाल ने बोल्ड किया। ओवर की पहली गेंद यश ने फुलर लेंथ फेंकी, गेंद रचिन के बैट से लगकर स्टंप्स से टकरा गई। यश ने पांचवीं गेंद शॉर्ट पिच फेंकी, बॉल दुबे के बैट से लगकर फिर स्टंप्स से टकराई। रचिन ने 41 और दुबे ने 19 रन बनाए।

यश दयाल ने 1 ही ओवर में शिवम दुबे और रचिन रवींद्र को बोल्ड कर दिया।

यश दयाल ने 1 ही ओवर में शिवम दुबे और रचिन रवींद्र को बोल्ड कर दिया।

रिकॉर्ड्स…

1. CSK के खिलाफ टॉप स्कोरर बने कोहली

RCB के विराट कोहली ने शुक्रवार को 31 रन बनाए। इसी के साथ वे CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा IPL रन बनाने वाले प्लेयर बन गए। उनके नाम अब 34 मैचों में 1084 रन हो गए। उन्होंने शिखर धवन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 29 मैचों में 1057 रन बनाए थे।

2. चेपॉक में 17 साल बाद RCB ने CSK को हराया

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 17 साल बाद चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में CSK को हराया। टीम ने इस मैदान पर 2008 में आखिरी बार चेन्नई को 14 रन से हराया था। तब राहुल द्रविड़ की कप्तानी में टीम को जीत मिली थी। इस बीच RCB ने 8 मैच गंवाए और अब जाकर उन्होंने चेपॉक में होम टीम को हराया।

3. जडेजा के 3000 IPL रन पूरे

रवींद्र जडेजा ने शुक्रवार को अपने 3000 IPL रन पूरे कर लिए। उन्होंने 242वें मैच में यह कारनामा हासिल किया, उनके नाम 160 विकेट भी हैं। जडेजा IPL में 3000 रन और 150+ विकेट का डबल रिकॉर्ड बनाने वाले इकलौते प्लेयर बने।

खबरें और भी हैं…