95 thousand rupees were cheated by telling that money was transferred by mistake | गलती से पैसे ट्रांसफर बताकर ठगे 95 हज़ार: साइबर अपराधियों ने निकाला नया रास्ता; पंचकूला में सिविल इंजीनियर हुआ शिकार – Panchkula News

साइबर ठगों की एक चाल से लोग जागरूक होते हैं तो ठग दूसरा तरीका अपना लेते हैं। ऐसे ही एक मामले में पंचकूला के रहने वाले एक सिविल इंजीनियर से साइबर ठगों ने 94 हज़ार 999 रुपये ठग लिए।

पंचकूला के रहने वाले सिविल इंजीनियर अशोक लखमी चंद भाटिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि बीती 26 फरवरी को किसी अनजान नंबर से उसके फोन पर एक कॉल आया और कॉल करने वाले ने उसको कहा कि गलती से उसके दुआरा अशोक लखमी चंद भाटिया के खाते में गूगल पे से पैसे ट्रांसफर हो गए हैं। उस शख्स ने गलती से भेजे गए पैसे वापिस गूगल पे करने की गुजारिश की।

इस कॉल के बाद जब अशोक लख्मी चंद भाटिया ने अपना गूगल पे चेक किया तो अनजान नंबर से उसके खाते में 45 हजार रुपये ट्रांसफर होने का लिंक शो रहा था। इसके कुछ देर बाद ही 50 हज़ार रूपये और ट्रांसफर किये जाने का लिंक शो होने लगा। अशोक लख्मी चंद भाटिया ने ईमानदारी दिखाते हुए बताए गए गूगल पे नंबर पर पैसे वापस भेज दिए।

लेकिन इसके बाद जब उन्होंने बैंक के साथ अपना अकाउंट चेक किया तो उसके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर होने की कोई ट्रांजैक्शन नहीं थी जबकि उसके दुआरा अनजान नंबर पर वापस भेजे गए पैसे अकाउंट से कट चुके थे। इस पर उनको अपने साथ ठगी होने का पता चला तो उन्होंने पंचकूला साइबर पुलिस को शिकायत दी। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।