चंडीगढ़ में 77 लाख की ठगी: साजिद और रफीक गिरफ्तार, पुलिस को मिले अहम सबूत

चंडीगढ़ में 77 लाख की ठगी: साजिद और रफीक गिरफ्तार, पुलिस को मिले अहम सबूत

20 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ महिला से 77 लाख की ठगी का पर्दाफाश, महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार             चंडीगढ़ पुलिस को साइबर ठगी के बड़े मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र के रहने वाले दो आरोपियों साजिद अहमद ए. पटेल (30) और शहीद रफीक मुल्ला (37) को गिरफ्तार किया है। दोनों ने चंडीगढ़ की एक महिला को “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाकर 77 लाख 42 हजार 420 रुपये हड़प लिए।

कैसे दिया गया धोखे का जाल                                                                                              पीड़िता को 10 जुलाई को फोन कर खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी बताया गया। ठगों ने कहा कि उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल मुंबई में सिम कार्ड और बैंक खाता खोलने के लिए हुआ है, जो जेट एयरवेज के सीईओ नरेश गोयल से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रयोग किया गया है। व्हाट्सएप कॉल पर फर्जी गिरफ्तारी वारंट और सुप्रीम कोर्ट के जाली आदेश दिखाकर आरोपियों ने महिला को डराया और केस में फंसाने की धमकी दी। घबराकर महिला ने चार बार में कैनरा बैंक, पीएनबी, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक से रकम ट्रांसफर कर दी।

पुलिस ने ऐसे पकड़ा गिरोह                                                                                                  शिकायत पर साइबर क्राइम थाना ने कॉल डिटेल, बैंक केवाईसी और सीएएफ की मदद से जांच शुरू की। 14 अगस्त को पुलिस ने मुख्य आरोपी साजिद को दबिश देकर पकड़ा। उसके पास से मोबाइल, सिम कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड मिले। उसकी निशानदेही पर साथी रफीक को भी गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से दो सैमसंग फोल्ड 5 मोबाइल, एक ओप्पो 5जी फोन, आधार, पैन कार्ड, फेडरल बैंक एटीएम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए।

खाते में 20 लाख रुपये फ्रीज                                                                                                पुलिस ने दोनों आरोपियों के खातों से 20 लाख 16 हजार 300 रुपये फ्रीज कर दिए हैं। आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल-डॉक्यूमेंट्स की फोरेंसिक जांच जारी है। पुलिस पूरे फाइनेंशियल ट्रेल की जांच कर रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य ठगों को पकड़ा जा सके।

साइबर क्राइम थाना की एडवाइजरी                                                                                          थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ईरम रिजवी ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई कॉल या व्हाट्सएप पर खुद को पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बताकर पैसे मांगे, तो यह पूरी तरह ठगी है। असली अधिकारी कभी पैसे या व्यक्तिगत जानकारी नहीं मांगते। ऐसे मामलों की तुरंत शिकायत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें।