Home Himachal हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की बिक्री में 39 प्रतिशत की...

हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की बिक्री में 39 प्रतिशत की वृद्धिः हर्षवर्धन चौहान

 शिमला 19 अगस्त, 2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  वर्ष 2026-27 के लिए 112 करोड़ रुपये का लक्ष्य
हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने वर्ष 2025-26 के दौरान विपणन एवं वाणिज्यिक गतिविधियों के अंतर्गत विभिन्न उत्पादों की 54.84 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की है। यह वित्त वर्ष 2024-25 में हुई 39.19 करोड़ रुपये की बिक्री की तुलना में 39 प्रतिशत अधिक है। इससे बोर्ड को लगभग 4.50 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
यह जानकारी आज यहां उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में आयोजित बोर्ड के निदेशक मंडल की 248वीं बैठक के दौरान दी गई।
उद्योग मंत्री ने बोर्ड द्वारा विभिन्न उत्पादों की प्रभावशाली बिक्री के लिए उपलब्धियों की सराहना की।
बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को वास्तविक कार्यात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप कर्मचारियों का युक्तिकरण करने के निर्देश दिए ताकि श्रम शक्ति का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रशासनिक और परिचालन दक्षता को बढ़ाया जा सके।
बोर्ड के भवनों एवं परिसरों जैसी परिसंपत्तियों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए निदेशक मंडल ने कांगड़ा परिसर में खाली पड़े भवनों एवं बिक्री केंद्रों तथा उदयपुर, होली और पूह स्थित ऊन कार्डिंग केन्द्रों को किराये पर देने को मंजूरी प्रदान की। इस निर्णय से बोर्ड को अतिरिक्त राजस्व अर्जित होने के अलावा बोर्ड आत्मनिर्भर बनेगा।
बैठक में अवगत करवाया गया कि वर्ष 2026-27 के लिए बोर्ड ने विपणन एवं वाणिज्यिक गतिविधियों के तहत उत्पादों की बिक्री का 112 करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें से जुलाई 2026 तक 19.71 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य पहले ही हासिल किया जा चुका है।
विशेष सचिव वित्त विजय वर्धन, विशेष सचिव उद्योग सुनील शर्मा, बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।