27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: अक्षय कुमार और करिश्मा कपूर एक बार फिर अपने फैंस को नॉस्टैल्जिया का तोहफा देते नजर आए हैं। 90 के दशक की मशहूर जोड़ी ने 34 साल बाद अपनी पहली फिल्म ‘दीदार’ के सुपरहिट गाने पर साथ में डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस खास पल ने फैंस को पुराने दिनों की याद दिला दी है।
दरअसल, अक्षय कुमार इन दिनों सोनी टीवी के रियलिटी गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया’ को होस्ट कर रहे हैं। शो के एक हालिया एपिसोड में उनकी पहली ऑन-स्क्रीन हिरोइन करिश्मा कपूर मेहमान बनकर पहुंचीं। दोनों ने मंच पर अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया और पुरानी बातों पर जमकर हंसी-मजाक भी किया।
शो के दौरान अक्षय ने करिश्मा को अपनी पहली हिरोइन बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पहला गाना और पहली फिल्म उन्हीं के साथ की थी। इसके बाद दोनों ने 1992 में रिलीज हुई फिल्म ‘दीदार’ के मशहूर गाने “दीदार हो गया मुझको प्यार हो गया” पर साथ में डांस किया। यह वही फिल्म थी, जिसने दोनों को बॉलीवुड में पहचान दिलाई थी।
इस दौरान मजेदार नोकझोंक भी देखने को मिली। अक्षय ने हंसते हुए कहा कि करिश्मा के पास बांद्रा की हर बिल्डिंग में एक फ्लैट है, जिस पर करिश्मा ने चुटकी लेते हुए जवाब दिया कि अक्षय पूरे जुहू के मालिक हैं। दोनों की यह हल्की-फुल्की केमिस्ट्री दर्शकों को खूब पसंद आई।
फैंस इस वीडियो पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कोई इसे “बचपन की यादें” बता रहा है तो कोई कह रहा है कि अक्षय–करिश्मा की जोड़ी आज भी उतनी ही खास है। कमेंट सेक्शन दिल और तारीफों से भरा हुआ है, जिससे साफ है कि यह जोड़ी आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है।











