13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। यहां कुल 2442 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसमें 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इन पदों के लिए किसी विशेष एविएशन डिप्लोमा की आवश्यकता नहीं है और फ्रेशर्स को भी मौका दिया जा रहा है।
इन भर्तियों में ग्राउंड स्टाफ, कार्गो एग्जीक्यूटिव और लोडर जैसे पद शामिल हैं। ग्राउंड स्टाफ और कार्गो एग्जीक्यूटिव के लिए 12वीं पास होना जरूरी है, जबकि लोडर पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा ग्राउंड स्टाफ और कार्गो पदों के लिए 18 से 30 वर्ष और लोडर के लिए 20 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
सैलरी की बात करें तो ग्राउंड स्टाफ और कार्गो एग्जीक्यूटिव को 25,000 से 35,000 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा, जबकि लोडर पद पर चयनित उम्मीदवारों को 15,000 से 25,000 रुपये तक सैलरी दी जाएगी। महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवार ग्राउंड स्टाफ और कार्गो पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जबकि लोडर पद केवल पुरुषों के लिए निर्धारित हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसमें ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी। आवेदन फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 तय की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।













