अमरगढ़/मालेरकोटला, 5 सितंबर 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक अमरगढ़ में सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी के तहत स्कूली बसों की विशेष जांच मुहिम चलाई गई। यह कार्रवाई जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप सिंह गिल के दिशा-निर्देशों के तहत की गई।
बाल सुरक्षा विभाग की टीम ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी करणवीर सिंह की मौजूदगी में स्कूली बसों की जांच की। अभियान का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करवाना था।
जांच के दौरान कुल 20 स्कूली बसों को बारीकी से चेक किया गया। टीम ने बसों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, बीमा, फिटनेस सर्टिफिकेट, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइवरों के लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। इसके अलावा बसों में उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी दरवाजा, स्पीड गवर्नर और अन्य अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा गया।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 2 स्कूली बसों के चालान किए गए, जबकि 2 बसों को बंद कर दिया गया। स्कूल प्रबंधकों और वाहन चालकों को सभी कमियां तुरंत दूर करने तथा सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस मौके पर लीगल ऑफिसर बबीता कुमारी, लवप्रीत सिंह, गुरजंट सिंह और मीडिया सहायक परगट सिंह भी मौजूद रहे।













