गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय को लूटने वाले काबू


भास्कर न्यूज | लुधियाना चोरी व लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले 2 गिरोहों के 7 लोगों को थाना साहनेवाल की पुलिस ने काबू किया। आरोपियों के कब्जे से एक ऑटो, डाइयां, पिनें, मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान ढंडारी कलां निवासी अभिलाष झा, सुरजीत सिनेमा के नजदीक रहने वाले हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, मक्कड़ कॉलोनी निवासी विजय कुमार उर्फ विक्की, अरमान, जगजोत सिंह उर्फ भुट्‌टो, ईशर नगर निवासी प्रभलीन उर्फ प्रभु व न्यू जनता नगर निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा के रूप में हुई है। मामले के बारे में जानकारी देते हुए एडीसीपी-2 देव सिंह ने बताया कि आरोपियों को थाना साहनेवाल के इंचार्ज जगदेव सिंह व उनकी टीम ने काबू किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने फैक्ट्रियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अभिलाष झा, हरप्रीत सिंह , विजय कुमार, अरमान को काबू किया। जबकि दूसरे मामले में बाकी तीन आरोपियों को काबू किया गया। एडीसीपी-2 का कहना है कि आरोपी जगजोत सिंह भुट्टो पर छीनाझपटी, चोरी, नशा तस्करी के 5 मामले दर्ज हैं। आरोपी प्रभलीन पर भी चार और आरोपी अभिलाष झा पर भी एक मामला दर्ज है।