26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: बुधवार को चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न संगठनों के धरने-प्रदर्शन के बीच, मोहाली में पंजाब यूथ कांग्रेस का आंदोलन उग्र रूप लेता दिखाई दिया। चंडीगढ़ की ओर कूच कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर रोक दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया।
एक ओर पंजाब यूनिवर्सिटी में ‘पीयू बचाओ मोर्चा’ द्वारा बंद का आह्वान किया गया है, वहीं सेक्टर-43बी में किसानों की महापंचायत भी जारी है। इसी बीच, मोहाली में यूथ कांग्रेस और ऑल इंडिया यूथ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता केंद्र सरकार के विरोध में बड़े स्तर पर जुटे।
चंडीगढ़ पुलिस ने मोहाली फेज-2 के पास बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन युवक बैरिकेड तोड़ने का प्रयास करते दिखे। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।
प्रदर्शनकारी पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट चुनाव की घोषणा की मांग कर रहे छात्रों के 26 नवंबर को किए गए बंद के आह्वान के समर्थन में मैदान में उतरे। इसके साथ ही यूथ कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज किया।
मोहाली से बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने फर्नीचर मार्केट के पास की बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और प्रदर्शनकारियों के साथ कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हुई।
अखिल भारतीय यूथ कांग्रेस के नेता चंद्रभान चौहान भी प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार टकराव हुए, और तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को पकड़कर हिरासत में लिया।













