24 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: दिल्ली में आयोजित AI समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनसे सोमवार से पूछताछ चल रही थी और अब उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है।
यह मामला भारत मंडपम में चल रहे AI समिट के दौरान हुए प्रदर्शन से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, उदय भानु चिब को सोमवार को पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाना बुलाया गया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि प्रदर्शन की योजना और उसकी रूपरेखा से जुड़ी अहम जानकारी उदय भानु के पास थी और आयोजन में उनकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उदय भानु चिब ने सहयोग नहीं किया और कई सवालों के जवाब देने से बचते रहे या जांच को भटकाने की कोशिश की। इसी आधार पर पुलिस ने उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत होने का दावा करते हुए गिरफ्तारी की कार्रवाई की। अब उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जा सकती है।
अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी
उदय भानु चिब की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। सोमवार को तीन अन्य आरोपियों—जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और विमल अजय कुमार—को भी हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे AI इम्पैक्ट एक्सपो के एक हॉल में हुई, जहां उच्च स्तरीय सम्मेलन चल रहा था।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए ली थी एंट्री
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदर्शनकारियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा कर QR कोड के जरिए वेन्यू में प्रवेश किया था। वे कैजुअल कपड़ों में थे और अंदर पहुंचने के बाद बिना शर्ट के विरोध प्रदर्शन करते हुए नारे लगाए। उनकी टी-शर्ट पर राजनीतिक संदेश लिखे हुए थे, जिनमें प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे भी शामिल थे।
फिलहाल, दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियों से इनकार नहीं किया गया है।













