31 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: मशहूर रैपर Yo Yo Honey Singh का मुंबई में हुआ कॉन्सर्ट अब विवादों में घिर गया है। 28 मार्च को MMRDA Ground में आयोजित इस इवेंट में सुरक्षा नियमों की अनदेखी के आरोप लगे हैं, जिसके बाद पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉन्सर्ट के दौरान एयरपोर्ट जोन के नजदीक होने के बावजूद हाई-इंटेंसिटी लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया गया, जो नियमों के खिलाफ है। ऐसी लाइट्स पायलट की दृष्टि को प्रभावित कर सकती हैं और हवाई सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती हैं।
इसके अलावा, कार्यक्रम में तय संख्या से कहीं ज्यादा भीड़ पहुंचने से भी अव्यवस्था फैल गई। आयोजकों ने लगभग 12 हजार लोगों की अनुमति ली थी, लेकिन कॉन्सर्ट में 18 से 20 हजार तक लोग पहुंच गए, जिससे एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर भीड़ बढ़ गई और सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव पड़ा।
इन सभी उल्लंघनों को देखते हुए मुंबई पुलिस ने इवेंट आयोजकों और संबंधित कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर आयोजक अब सवालों के घेरे में हैं।













