व्यक्ति की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन।
यमुनानगर के गांव दौलतपुर में एक बिहार के श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान भूषण कुमार (31) के रूप में हुई है, जो बिहार के छपरा जिले का रहने वाला था।
।
जानकारी अनुसार, भूषण कई सालों से एसके प्लाईवुड में काम करता था। वह कुछ समय के लिए अपने घर गया था और एक दिन पहले ही यमुनानगर लौटा था। उसका शव दौलतपुर के मेन रोड पर खेतों में स्थित एक ट्यूबवेल की औदी में मिला।

यमुनानगर अस्पताल में व्यक्ति के शव के पोस्टमार्टम के लिए पहुंची पुलिस।
डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह के अनुसार, मृतक शादीशुदा था और उसकी शादी को 10 साल हो गए थे।
मृतक भूषण के भाई अर्जुन कुमार ने मौत को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि फोन पर आई वीडियो में दिख रहा पानी घुटनों से भी कम गहरा है। ऐसे में भूषण की मौत पानी में डूबने से कैसे हो सकती है।
परिजन फैक्ट्री प्रबंधन और प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं। पुलिस धारा 174 के तहत मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।












