25 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: भारतीय थाली में दाल-चावल सबसे आम और पसंदीदा भोजन माना जाता है। इसे हल्का और हेल्दी समझकर लोग अक्सर नियमित रूप से खाते हैं। लेकिन फिटनेस एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर इसे सही तरीके से न खाया जाए तो यही साधारण मील वजन बढ़ाने की वजह भी बन सकता है।
एक्ट्रेस Tamannaah Bhatia के फिटनेस ट्रेनर Siddharth Singh ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि दाल-चावल खाते समय लोग अक्सर मात्रा और पोषण संतुलन को नजरअंदाज कर देते हैं। सफेद चावल में कार्बोहाइड्रेट ज्यादा होता है, इसलिए अगर इसे सही बैलेंस के साथ न खाया जाए तो कैलोरी का सेवन बढ़ सकता है।
दाल-चावल को ऐसे बनाएं हेल्दी मील
फिटनेस एक्सपर्ट के मुताबिक, दाल और चावल की मात्रा सीमित रखनी चाहिए। आमतौर पर लोग प्लेट में ज्यादा चावल और भरपूर दाल ले लेते हैं, जिससे कैलोरी इनटेक बढ़ जाता है। अगर इन दोनों की मात्रा थोड़ी कम कर दी जाए तो मील ज्यादा बैलेंस्ड हो सकता है।
प्रोटीन जरूर बढ़ाएं
जब दाल-चावल की मात्रा कम की जाती है तो पेट जल्दी खाली महसूस हो सकता है। ऐसे में खाने में अतिरिक्त प्रोटीन शामिल करना जरूरी है। इसके लिए करीब 100 ग्राम पनीर जोड़ना बेहतर विकल्प माना जाता है। लो-फैट पनीर लेने से यह और भी हेल्दी बन सकता है।
फाइबर भी जरूरी
संतुलित भोजन के लिए फाइबर भी अहम होता है। इसलिए दाल-चावल के साथ सलाद शामिल करना चाहिए, जिसमें खीरा, टमाटर और अन्य सब्जियां हो सकती हैं। इससे पाचन बेहतर रहता है और लंबे समय तक पेट भरा महसूस होता है।
इसके अलावा मील को और पौष्टिक बनाने के लिए करीब 200 ग्राम ग्रीक योगर्ट भी जोड़ा जा सकता है। इससे प्रोटीन की मात्रा बढ़ती है और भोजन ज्यादा संतुलित बन जाता है।
फिटनेस एक्सपर्ट्स का कहना है कि छोटे-छोटे बदलाव करके साधारण दाल-चावल को भी हेल्दी और वजन नियंत्रित रखने वाली मील में बदला जा सकता है।













