उत्तर भारत में ठंड का कहर: घना कोहरा और शीतलहर से जनजीवन बेहाल, कई राज्यों में पारा 5 डिग्री से नीचे

29 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली में पारा 6.3 डिग्री रहा। उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में शीतलहर चल रही है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और भी ज्यादा है—लद्दाख के द्रास में तापमान शून्य से 14.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

रविवार सुबह पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। भीषण ठंड को देखते हुए उत्तर प्रदेश में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल 1 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ-साथ मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। असम के गुवाहाटी में भी शीतलहर का असर दिखा, जबकि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हुई।

कोहरे के कारण उड़ानें प्रभावित
घने कोहरे की वजह से रविवार को दिल्ली से पंतनगर जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-7324 को उतरने की अनुमति नहीं मिल सकी। विमान कुछ देर हवा में चक्कर लगाने के बाद दिल्ली लौट आया। विमान में 78 यात्री सवार थे, वहीं पंतनगर से दिल्ली आने वाले 76 यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण बढ़ा
ठंड और शांत हवाओं के चलते दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति और गंभीर हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 390 दर्ज किया गया। 40 में से 19 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी में रहा। आनंद विहार में एक्यूआई 444, गाजियाबाद में 414, नोएडा में 419 और ग्रेटर नोएडा में 434 दर्ज किया गया। गुरुग्राम में भी एक्यूआई 353 के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा। पीएम 2.5 प्रदूषक प्रमुख रूप से हावी रहा।

कहां कितना गिरा तापमान
उत्तर प्रदेश में मेरठ और मुजफ्फरनगर सबसे ठंडे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री रहा। इटावा में 7.4 डिग्री, प्रयागराज और झांसी में 8 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार 2.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि पंजाब के फरीदकोट में पारा 3.4 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में तापमान 0.6 डिग्री और जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शून्य से 2.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।