एलन मस्क के बाद क्या राजनीति में उतरेंगे मार्क जकरबर्ग? ट्रंप के बयान से अटकलें तेज

एलन मस्क के बाद क्या राजनीति में उतरेंगे मार्क जकरबर्ग? ट्रंप के बयान से अटकलें तेज

05 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में व्हाइट हाउस में टेक दिग्गजों के साथ एक डिनर मीटिंग आयोजित की। इस दौरान मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग सुर्खियों में आ गए। दरअसल, एक पत्रकार ने उनसे ब्रिटेन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल पूछा, जिस पर जुकरबर्ग असहज हो गए। तभी ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा, “यही आपके राजनीतिक करियर की शुरुआत है, धीरे-धीरे आप बोलने में माहिर हो जाएंगे।”

ट्रंप के इस बयान के बाद अटकलें तेज हो गई हैं कि 41 वर्षीय जुकरबर्ग अब अमेरिकी राजनीति में उतर सकते हैं। बैठक के बाद जुकरबर्ग ने ट्रंप से कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि ऐसा सवाल पूछा जाएगा।

टेक दिग्गज और राजनीति                                                                                                      अमेरिका में राजनीति और टेक इंडस्ट्री का रिश्ता नया नहीं है।

विवेक रामास्वामी (बायोटेक कंपनी Roivant Sciences के पूर्व सीईओ) 2024 में रिपब्लिकन पार्टी से राजनीति में आए।

एथन अग्रवाल (डिजिटल फिटनेस ऐप Aaptiv) और स्कॉट कुपोर (Andreessen Horowitz) भी राजनीति में उतर चुके हैं।

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क पहले से ही ट्रंप प्रशासन में अहम पद संभाल चुके हैं।

डिनर में जुकरबर्ग का बड़ा ऐलान                                                                                                मीटिंग में जुकरबर्ग ट्रंप के बगल में बैठे और उन्होंने कहा कि मेटा 2028 तक अमेरिका में 600 बिलियन डॉलर का निवेश करने जा रहा है। उन्होंने ट्रंप को आमंत्रण के लिए धन्यवाद भी दिया।

इस मौके पर कई टेक दिग्गजों ने ट्रंप की तारीफ की। OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि, “दुनिया में हमारी बढ़त आपके बिना संभव नहीं होती।”

एलन मस्क की गैरमौजूदगी                                                                                                      मीटिंग में एलन मस्क शामिल नहीं हुए। हालांकि, बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने उन्हें न्यौता भेजा था, लेकिन मस्क ने अपनी जगह प्रतिनिधि को भेज दिया।