26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: अगर कभी-कभार एक-दो बार पेशाब में खून दिखाई दे जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर यह समस्या लगातार दो–तीन दिन तक बनी रहे, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यूरिन में खून आना मेडिकल भाषा में हीमेट्यूरिया कहलाता है और इसके पीछे किडनी, यूरिनरी ट्रैक्ट या ब्लैडर से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में यह किडनी की शुरुआती बीमारी का संकेत भी हो सकता है।
यूरिन में खून आने के आम कारण
डॉक्टरों के मुताबिक, अगर एक-दो बार ब्लड दिखे तो यह हल्के यूरिन इंफेक्शन की वजह से हो सकता है। लेकिन अगर बार-बार ऐसा हो रहा है, तो इसके पीछे ये कारण हो सकते हैं:
किडनी स्टोन (पथरी): पथरी की वजह से यूरिनरी ट्रैक्ट में चोट या डैमेज हो सकता है, जिससे पेशाब में खून आने लगता है।
यूरिन इंफेक्शन: बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण ब्लैडर में सूजन आ जाती है, जिससे यूरिन में ब्लड नजर आ सकता है।
किडनी या ब्लैडर से जुड़ी समस्याएं: लंबे समय तक खून आना किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकता है।
कब हो सकता है खतरनाक?
इस बारे में सफदरजंग अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. हिमांशु वर्मा बताते हैं कि अगर बार-बार यूरिन में ब्लड आ रहा है, तो यह किडनी ट्यूमर या ब्लैडर ट्यूमर का लक्षण भी हो सकता है।
अगर खून आने के साथ-साथ ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए:
पेशाब में जलन या तेज दर्द
कमर या पेट के निचले हिस्से में दर्द
बार-बार पेशाब आना या पेशाब रुक-रुक कर आना
डॉ. वर्मा के अनुसार, कई मरीज शुरुआत में इन लक्षणों को हल्के में ले लेते हैं और इलाज नहीं कराते, जिससे बाद में बीमारी गंभीर रूप ले सकती है।
बचाव के लिए क्या करें
रोज कम से कम 2 लीटर पानी जरूर पिएं
ज्यादा नमक का सेवन न करें
पेशाब में जलन या परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें
डायबिटीज और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखें
अगर यूरिन में ब्लड की समस्या बार-बार हो रही है, तो खुद से इलाज करने के बजाय समय रहते जांच और डॉक्टर की सलाह लेना सबसे सुरक्षित रास्ता है।













