22 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: एयर इंडिया से जुड़ी एक बेहद अजीब घटना सामने आई है। एयरलाइन ने एक 40 साल से ज्यादा पुराना Boeing 737-200 विमान बेच दिया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि एयर इंडिया को खुद इस बात का पता नहीं था कि यह विमान उसका ही है। एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने एक इंटरनल पोस्ट में इस किस्से का ज़िक्र किया और बताया कि यह एविएशन सेक्टर की उन अनोखी कहानियों में से एक है, जो कम ही देखने को मिलती हैं।
यह पुराना विमान 2012 से कोलकाता एयरपोर्ट पर खड़ा था। एयर इंडिया को इसकी जानकारी तब मिली जब एयरपोर्ट स्टाफ ने एयरलाइन से अनुरोध किया कि वह इस जर्जर पड़े विमान को हटाए। जांच के बाद पता चला कि यह Boeing 737 वास्तव में एयर इंडिया के स्वामित्व में ही था।
“जैसे अलमारी में पड़ा पुराना मकड़ी का जाला हटाया”
कैंपबेल विल्सन ने कहा कि सालों बीतने के साथ इस विमान को लेकर सभी रिकॉर्ड और यादें पीछे छूट गई थीं। एयरपोर्ट कर्मचारियों से सूचना मिलने के बाद जब एयर इंडिया ने दस्तावेज चेक किए तो पुष्टि हुई कि विमान सच में उन्हीं का है। उन्होंने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा—
“इसे हटाना ऐसा लगा जैसे अलमारी में रखा कोई बहुत पुराना मकड़ी का जाला साफ़ कर दिया हो।”
1982 में लिया गया था यह विमान—लंबा सफ़र रहा
एयरक्राफ्ट ट्रैकिंग पोर्टल planespotters.net के मुताबिक, यह विमान VT-EHH सितंबर 1982 में इंडियन एयरलाइंस को डिलीवर हुआ था।
1998: इसे अलायंस एयर को लीज़ पर दे दिया गया
2007: मालवाहक विमान के रूप में दोबारा इंडियन एयरलाइंस को सौंपा गया
अगस्त 2007: इंडियन एयरलाइंस और एयर इंडिया के विलय के बाद यह विमान एयर इंडिया के पास आ गया
बाद में 2022 में एयर इंडिया टाटा ग्रुप को बेच दी गई, लेकिन यह पुराना विमान कोलकाता एयरपोर्ट पर यूं ही खड़ा रहा और उसकी स्वामित्व की फाइलें मानो गुम हो गई थीं।













