12 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp जल्द ही बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी ‘पैरेंट मैनेज्ड अकाउंट’ नाम का फीचर शुरू करने पर काम कर रही है, जिससे 13 साल से कम उम्र के बच्चों के व्हाट्सएप अकाउंट पर माता-पिता का कंट्रोल रहेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस सिस्टम में बच्चों का व्हाट्सएप अकाउंट उनके माता-पिता के अकाउंट से लिंक होगा। इसके जरिए माता-पिता बच्चों की गतिविधियों पर नजर रख सकेंगे और यह तय कर पाएंगे कि बच्चे को कौन-कौन मैसेज भेज सकता है, किन लोगों को कॉन्टैक्ट लिस्ट में रखा जा सकता है और बच्चे किन ग्रुप्स में शामिल हो सकते हैं।
नए फीचर के तहत बच्चों के अकाउंट में कुछ एडवांस सुविधाएं सीमित रहेंगी। जानकारी के अनुसार बच्चों को स्टेटस अपडेट, चैनल्स और Meta AI से जुड़े कुछ फीचर्स का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके अलावा यदि किसी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति से मैसेज आता है तो वह अलग फोल्डर में चला जाएगा। माता-पिता इन मैसेज को देख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर उस व्यक्ति को ब्लॉक भी कर पाएंगे।
दरअसल आज के समय में कम उम्र के बच्चे तेजी से स्मार्टफोन और इंटरनेट का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में उनकी ऑनलाइन सुरक्षा बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप यह फीचर ला रहा है, ताकि बच्चे सुरक्षित तरीके से ऐप का इस्तेमाल कर सकें।
रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी इस फीचर को आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग देशों में रोलआउट कर सकती है।













