26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Business Desk: देश के वायदा बाजार से लेकर न्यूयॉर्क के कॉमेक्स मार्केट तक सोने की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिल रहा है। एमसीएक्स पर दो दिनों में सोने के भाव में 2000 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चांदी 1.58 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गई है। हालांकि दोनों धातुएं अभी भी अपने सर्वकालिक उच्च स्तर से नीचे हैं, लेकिन निवेशकों की उम्मीदों ने बाजार में नई तेजी ला दी है।
अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़ों, डॉलर इंडेक्स में गिरावट और अगले महीने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की संभावनाओं ने सोने को मजबूती दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना दो सप्ताह के उच्च स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, भू-राजनीतिक तनाव में संभावित कमी इसकी तेजी को सीमित कर सकती है। कॉमेक्स पर गोल्ड और सिल्वर दोनों ही मजबूती के साथ ट्रेड कर रही हैं, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यदि वैश्विक संकेत इसी तरह बने रहे, तो जल्द ही सोना एक नया रिकॉर्ड बना सकता है।











