14 दिन चीनी से दूरी बनाने पर लिवर में क्या बदलता है? हार्वर्ड के डॉक्टर ने समझाया पूरा सच

06 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Health Desk:  चीनी आज के खानपान का अहम हिस्सा बन चुकी है। चाय से लेकर मिठाइयों और पैकेज्ड फूड तक, हर जगह इसकी मौजूदगी है। भले ही लोग जानते हों कि ज्यादा चीनी सेहत के लिए नुकसानदेह है, फिर भी इसकी आदत छूटना आसान नहीं होता। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर सिर्फ 14 दिन के लिए सफेद चीनी पूरी तरह छोड़ दी जाए, तो इसका सीधा असर हमारे लिवर पर पड़ता है?

हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े डॉक्टर सौरभ सेठी ने सोशल मीडिया पर बताया है कि शुगर छोड़ने से शरीर, खासकर लिवर में किस तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं।

एक्सपर्ट क्या कहते हैं?

डॉ. सौरभ सेठी के अनुसार, ज्यादा चीनी खाने से शरीर में फ्रुक्टोज की मात्रा बढ़ जाती है। फ्रुक्टोज को प्रोसेस करने की जिम्मेदारी लिवर पर होती है। जब जरूरत से ज्यादा फ्रुक्टोज लिवर तक पहुंचता है, तो वहां फैट बनने की प्रक्रिया तेज हो जाती है, जिससे फैटी लिवर जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ता है।

14 दिन चीनी छोड़ने पर लिवर में क्या होता है?

पहले 1–2 दिन
जैसे ही आप चीनी का सेवन बंद करते हैं, लिवर तक पहुंचने वाला फ्रुक्टोज कम हो जाता है। इससे फैट बनने की प्रक्रिया धीमी पड़ती है। इसी दौरान शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर होने लगती है। वजन कम होने से पहले ही ये बदलाव शुरू हो जाते हैं।

तीसरे से सातवें दिन
पहले हफ्ते में शरीर पर शुगर का दबाव कम महसूस होने लगता है।

  • फास्टिंग ब्लड शुगर में सुधार

  • ब्लोटिंग और भारीपन में कमी

  • लिवर मेटाबॉलिज्म धीरे-धीरे बेहतर होने लगता है

आठवें से चौदहवें दिन
दूसरे हफ्ते तक लिवर की सेहत में साफ सकारात्मक बदलाव दिखने लगते हैं। डॉ. सेठी बताते हैं कि फ्रुक्टोज का इंसुलिन से सीधा संबंध नहीं होता, इसलिए इसका ज्यादा सेवन लिवर में फैट जमा करता है। ऐसे में कुल कैलोरी घटाने से ज्यादा जरूरी है शुगर का सेवन कम करना

उन्होंने यह भी साफ किया कि चीनी छोड़ने का मतलब फल या नेचुरल शुगर छोड़ना नहीं है। फोकस सिर्फ सफेद चीनी और प्रोसेस्ड शुगर से दूरी बनाने पर होना चाहिए।

किन चीजों से बनाएं दूरी?

अगर आप लिवर को हेल्दी रखना चाहते हैं तो इन चीजों से खासतौर पर बचें:

  • शुगर वाली ड्रिंक्स और सॉफ्ट ड्रिंक्स

  • फ्लेवर्ड योगर्ट

  • मीठे सेरेल्स

  • चॉकलेट और मिठाइयां

  • रेडीमेड सॉसेस और बेकरी आइटम्स

  • ज्यादा शुगर वाले अल्कोहल

डॉ. सेठी के मुताबिक, फैटी लिवर के मरीजों और ज्यादा वजन वाले लोगों को तो चीनी से तुरंत दूरी बना लेनी चाहिए।

नोट: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी तरह का बड़ा डाइटरी बदलाव करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।