23 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच Iran ने दावा किया है कि उसने एक अमेरिकी F-15 Eagle लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हालांकि United States ने इस दावे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में तैनात उसके सभी विमान सुरक्षित हैं।
ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम ने Hormuz Island के पास सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से अमेरिकी लड़ाकू विमान को निशाना बनाया। रिपोर्ट में इसे ईरानी रक्षा प्रणाली की बड़ी कामयाबी बताया गया और सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया।
वहीं United States Central Command (सेंटकॉम) ने इन दावों को गलत बताया। सेंटकॉम के मुताबिक ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के दौरान अमेरिकी सेना ने 8,000 से अधिक उड़ानें भरी हैं और इस अभियान में अमेरिका का कोई भी लड़ाकू विमान नहीं गिराया गया है। अमेरिका ने सोशल मीडिया पर चल रही इन खबरों को भी भ्रामक बताया।
हालांकि इससे पहले एक घटना में अमेरिकी F-35 Lightning II स्टील्थ फाइटर को मिशन के दौरान आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। ईरान के Islamic Revolutionary Guard Corps (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसकी सेना ने इस विमान को निशाना बनाया, जिससे उसे नुकसान हुआ। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार पायलट सुरक्षित है और घटना की जांच जारी है।
तेहरान ने यह भी दावा किया है कि उसने संघर्ष के दौरान 125 से अधिक अमेरिकी और इजरायली ड्रोनों को मार गिराया है। विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे हालात और संवेदनशील बने हुए हैं।











