वीकेंड पर मनाली-लाहौल में सैलानियों का सैलाब, बर्फबारी के बीच बढ़ी रौनक

28 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  वीकेंड के चलते मनाली और लाहौल घाटी में पर्यटकों की भारी आमद देखने को मिली। सैलानी सोलंगनाला, अंजनी महादेव, गुलाबा, हामटा और अटल टनल रोहतांग जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उमड़ पड़े।

लाहौल में भी पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। हालांकि भारी बर्फबारी के कारण कोकसर फिलहाल बंद है, लेकिन अटल टनल के आसपास के इलाकों में पर्यटकों ने बर्फ का जमकर आनंद लिया। प्रशासन द्वारा लगाई गई धार्मिक पाबंदी शनिवार को हटाई जा रही है, जिससे गतिविधियों में और तेजी आने की उम्मीद है।

लाहौल का लोकप्रिय पर्यटन स्थल सिस्सू रविवार से दोबारा पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद सैलानी बर्फ से ढकी वादियों में आउटडोर एक्टिविटीज का लुत्फ उठा सकेंगे। शुक्रवार को सोलंगनाला और अटल टनल रोहतांग में 2,500 से अधिक पर्यटक वाहन पहुंचे, जिससे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा गया।

मनाली के होटलों में लगभग 60 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। पर्यटन कारोबार में आई इस रफ्तार से होटल व्यवसायी उत्साहित हैं और आने वाले दिनों में बेहतर सीजन की उम्मीद जता रहे हैं।

सुबह धूप, दोपहर बाद बदला मौसम
शनिवार सुबह मनाली और लाहौल घाटी में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। दोपहर करीब तीन बजे मौसम ने करवट ली और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। रोहतांग पास, शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम दर्रा में तीन इंच से अधिक ताजा बर्फ दर्ज की गई।

स्थानीय पर्यटन कारोबारी दीपक के अनुसार, बर्फबारी शुरू होते ही अधिकांश सैलानी वापस मनाली की ओर लौट गए, जबकि कुछ पर्यटकों ने बर्फबारी के इन खास पलों को अपने कैमरों में कैद किया।