नई दिल्ली में मौसम बदलेगा: बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी

27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:   राजधानी नई दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाकों में मौसम करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग के अनुसार, 28 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से शहर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।

शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 28 मार्च को मौसम कुछ शांत रहेगा, लेकिन 29 और 30 मार्च को फिर से बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।

बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इससे पहले गुरुवार को तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ।