Weather: बूंदाबांदी से ठंडा हुआ दिल्ली-NCR, 10 डिग्री तक लुढ़का पारा; फिर बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

19 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-NCR का मौसम अचानक बदल गया। बुधवार तड़के हुई हल्की बूंदाबांदी और बादलों की मौजूदगी ने ठंडक बढ़ा दी। तेज हवाओं के चलते बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह-शाम सर्दी का अहसास बढ़ गया।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो घंटों में दिल्ली के नरेला, बावाना और NCR के गाजियाबाद, दादरी, ग्रेटर नोएडा, बल्लभगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश, हल्की गरज-चमक और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बारिश और तापमान का हाल
बीते 24 घंटे में दिल्ली में 0.3 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं, सफदरजंग मानक केंद्र पर सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक 1.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.9°C और न्यूनतम 12.4°C रहा। आर्द्रता 66 से 92 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई।

आगे कैसा रहेगा मौसम?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार को अधिकतम तापमान 26–28°C के बीच रह सकता है। 19–22 फरवरी के दौरान न्यूनतम तापमान 12–14°C रहने का अनुमान है, जबकि 23 फरवरी से इसमें बढ़ोतरी होकर 15–17°C तक पहुंच सकता है।

फिर बढ़ेगी गर्मी
IMD के अनुसार, 23–24 फरवरी को अधिकतम तापमान 30–32°C तक जा सकता है। 22–24 फरवरी के बीच आंशिक बादल छाए रहेंगे। अगले 48 घंटों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2–4 डिग्री की और गिरावट संभव है, इसके बाद बड़े बदलाव की संभावना कम है।

कुल मिलाकर, फिलहाल ठंडक और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन अगले हफ्ते से पारा फिर चढ़ने लगेगा।