26 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: भारतीय सेना ने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह के दबाव में आने वाली नहीं है। वेस्टर्न कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कटियार ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की जरूरत पड़ी, तो उसकी कार्रवाई पहले से कहीं ज्यादा सख्त, गहरी और तेज होगी।
पठानकोट में दिखी सैन्य ताकत
हाल ही में पठानकोट कैंट में आयोजित ऑपरेशन सिंदूर के प्रदर्शन के दौरान भारतीय सेना ने अपनी आधुनिक युद्ध क्षमता का प्रदर्शन किया। इसमें अत्याधुनिक हथियार, मिसाइल सिस्टम, एयर डिफेंस और ड्रोन तकनीक की ताकत दिखाई गई।
परमाणु धमकी पर भारत का रुख
पाकिस्तान की ओर से दी जाने वाली परमाणु हमले की धमकियों को लेकर LG कटियार ने कहा कि यह केवल “ब्लफ” है और भारत को कार्रवाई से रोकने की कोशिश भर। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत ऐसे किसी दबाव में नहीं आएगा और आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा।
ड्रोन होंगे रणनीति का अहम हिस्सा
LG कटियार के अनुसार, अगर ऑपरेशन सिंदूर 2.0 होता है तो उसकी रणनीति में ड्रोन की भूमिका बेहद अहम होगी। पश्चिमी कमान में ड्रोन निर्माण, तकनीकी तैयारी और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
ब्रह्मोस और आकाश ने बढ़ाई ताकत
प्रदर्शन के दौरान भारतीय सेना ने ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की मारक क्षमता और आकाश एयर डिफेंस सिस्टम की प्रभावशीलता भी दिखाई। इन प्रणालियों के जरिए दुश्मन के एयरबेस, सैन्य ठिकानों, मिसाइलों और ड्रोन को बेहद कम समय में निष्क्रिय किया जा सकता है।
साफ संदेश
सेना ने स्पष्ट संदेश दिया कि जम्मू-कश्मीर समेत हर मोर्चे पर आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। थल, वायु और तकनीकी क्षमताओं के बेहतर तालमेल के साथ भारत किसी भी पारंपरिक या हाइब्रिड खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।













