दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208 मीटर के करीब, सचिवालय तक पहुंचा पानी; राहत शिविर भी डूबे

दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208 मीटर के करीब, सचिवालय तक पहुंचा पानी; राहत शिविर भी डूबे

04 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.47 मीटर, कई इलाके जलमग्न                                दिल्ली में यमुना नदी उफान पर है और जलस्तर 207.47 मीटर तक पहुंच गया है। अनुमान है कि यह 208 मीटर तक जा सकता है। बढ़ते जलस्तर से राजधानी में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में पानी घुसने से वाहन डूब गए, इमारतें जलमग्न हो गईं और हजारों लोग बेघर हो गए।

राहत शिविर भी डूबे, लोगों को किया गया विस्थापित
मयूर विहार-फेज 1 के पास बनाए गए राहत शिविरों में भी पानी भर गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। सिविल लाइंस की बेला रोड और लोहा पुल के आसपास यमुना का पानी घुसने से स्थिति और गंभीर हो गई है।

निगमबोध घाट बंद, अंतिम संस्कार रुके
बढ़ते जलस्तर का असर राजधानी के सबसे बड़े श्मशान घाट निगमबोध पर भी पड़ा है। बुधवार शाम घाट पूरी तरह डूब गया, जिसके चलते अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई। रिंग रोड तक पानी पहुंच गया है और घाट की दीवार का एक हिस्सा भी टूट गया। प्रशासन ने पानी रोकने की कोशिश की, लेकिन दबाव के आगे सारे प्रयास नाकाम साबित हुए।

शरणार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
वजीराबाद में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के घरों में पानी भर गया है। लोग सिग्नेचर ब्रिज के पास खुले आसमान तले शरण लेने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन ने न तो टेंट उपलब्ध कराए और न ही भोजन-पानी की उचित व्यवस्था की। लगातार बारिश से हालात और बिगड़ रहे हैं और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।

स्थिति गंभीर, हालात पर निगरानी
बाढ़ नियंत्रण विभाग और एमसीडी की टीमें मौके पर मौजूद हैं। हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी और लगातार बारिश के चलते फिलहाल जलस्तर कम होने के आसार नहीं हैं। राजधानी के भीतरी हिस्सों तक पानी पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।