उतरायणी कौतिक 2026: 4 जनवरी को चंडीगढ़ के कला भवन में सजेगा उत्तराखंडी संस्कृति का भव्य उत्सव

29 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: देवभूमि दानपुर घाटी वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) चंडीगढ़ द्वारा आयोजित उतरायणी कौतिक 2026 को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। यह भव्य सांस्कृतिक आयोजन 4 जनवरी 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन, चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में सोसाइटी की कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक सेक्टर-16 स्थित कला भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सोसाइटी के अध्यक्ष कुंदन सिंह कोरंगा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तरायणी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा करना और आयोजन को अंतिम रूप देना रहा।

सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि बैठक में सोसाइटी के प्रधान दर्शन कोरंगा, महासचिव दान सिंह गढ़िया, कोषाध्यक्ष हरीश चंद्र सिंह कोरंगा, उप-कोषाध्यक्ष रमेश सिंह कोरंगा, मुख्य सलाहकार चंचल सिंह कपकोटी, मोहाली एरिया प्रधान एवं मेला सचिव विशाल सिंह कोरंगा, नयागांव एरिया प्रधान हीरा सिंह भाकुनी, झामपुर एरिया कमेटी प्रधान कुंदन सिंह दफौटी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के बाद कार्यकारिणी ने जानकारी दी कि उत्तरायणी मेला 2026 उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाला एक भव्य आयोजन होगा। मेले में उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही उत्तराखंडी पारंपरिक परिधान, श्रृंगार और सांस्कृतिक पहचान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी उत्तराखंडी समाज को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

इस वर्ष मेले का एक खास आकर्षण अल्मोड़ा की विश्व प्रसिद्ध बाल मिठाई होगी, जो सीधे चंडीगढ़ में उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक आभूषण भी मेले में खरीदने को मिलेंगे।

सोसाइटी ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और देवभूमि दानपुर घाटी वेलफेयर सोसाइटी की पूरी टीम इस सांस्कृतिक महोत्सव को सफल, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।