23 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Business Desk: ईरान-इजराइल युद्ध में अमेरिका की एंट्री से बढ़ा तनाव, कच्चे तेल के दाम चढ़े, शेयर बाजार में गिरावट ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध में अमेरिका की सीधी दखल के बाद पश्चिम एशिया में हालात और अधिक तनावपूर्ण हो गए हैं। इस भू-राजनीतिक संकट का सीधा असर वैश्विक कच्चे तेल बाजार और भारत के शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, शेयरों में गिरावट सोमवार को वैश्विक ऑयल बेंचमार्क के अनुसार कच्चे तेल की कीमतें 1.96% बढ़कर 78.52 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गईं। वहीं, भारत में इससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
तेल कंपनियों में गिरावट:
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) के शेयर 1.54% गिरे।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) में 1.22% की गिरावट आई।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के शेयर 1% लुढ़के।
एविएशन सेक्टर पर भी असर:
स्पाइसजेट के शेयर 2.47% गिरे।
इंडिगो (InterGlobe Aviation) में 2.24% की गिरावट देखी गई।
पेंट्स और एडहेसिव इंडस्ट्री में भी गिरावट:
कानसाई नेरोलैक के शेयरों में 3% की गिरावट आई।
बर्जर पेंट्स में 2%, एशियन पेंट्स में 1.38% और एकजो नोबेल इंडिया के शेयर में 0.42% की गिरावट हुई।
तनाव बढ़ा, कीमतें और बढ़ सकती हैं अमेरिका द्वारा ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों—फोर्डो, नतांज और इस्फहान—पर की गई बमबारी के बाद ईरान ने बदला लेने की चेतावनी दी है। रूस और चीन जैसे देशों का समर्थन मिलने से यह संघर्ष और जटिल हो सकता है। यदि हालात और बिगड़ते हैं या युद्ध लंबा खिंचता है, तो कच्चे तेल की कीमतों में और उछाल की आशंका है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी असर पड़ेगा।