11 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: Chandigarh नगर निगम में फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से जुड़े कथित बैंक घोटाले के सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में करीब 108 करोड़ रुपये के घोटाले की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का मानना है कि यह राशि इससे भी अधिक हो सकती है।
मामला सामने आने के बाद Amit Kumar ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अकाउंट ब्रांच के अधिकारियों को तलब किया और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। बताया जा रहा है कि आयुक्त ने अधिकारियों के साथ बैठक कर रिकॉर्ड की जांच के निर्देश दिए हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी अधिकारी या कर्मचारी की मिलीभगत के बिना इतना बड़ा वित्तीय घोटाला संभव नहीं है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सौंपने के निर्देश दिए हैं, जिसे आगे कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन को भेजा जाएगा।
सूत्रों के अनुसार अकाउंट ब्रांच वर्ष 2024 से अब तक के सभी वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े लेन-देन और संभावित अनियमितताओं का पूरा ब्योरा सामने आ सके।
वहीं, इस मामले की जांच Chandigarh Police की आर्थिक अपराध शाखा भी कर रही है। इतने बड़े कथित वित्तीय घोटाले के सामने आने के बाद शहर की राजनीति भी गरमा गई है और विभिन्न राजनीतिक दल निगम प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं।











