यूपी बोर्ड ने छात्रों को दिया मौका, पांच नवंबर तक कर सकेंगे विवरण में सुधार

यूपी बोर्ड ने छात्रों को दिया मौका, पांच नवंबर तक कर सकेंगे विवरण में सुधार

29 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Education Desk:  यूपी बोर्ड ने छात्रों को दी बड़ी राहत, 5 नवंबर तक शैक्षिक विवरण में कर सकेंगे सुधार    माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (UP Board) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्रों के शैक्षणिक विवरण में सुधार के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिषद के अनुसार, विद्यालय स्तर पर विवरण में संशोधन 31 अक्तूबर 2025 तक किया जा सकेगा।

शैक्षणिक सत्र 2025-26 (परीक्षा वर्ष 2027) के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में पंजीकृत छात्रों के विवरण में यदि कोई त्रुटि रह गई है, तो विद्यालय उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार सकते हैं। इसके बाद छात्रों के नाम, पिता/माता का नाम, जन्मतिथि, लिंग, जाति, फोटो, विषय आदि में संशोधन की सुविधा 28 अक्तूबर से 5 नवंबर 2025 तक उपलब्ध रहेगी। यह पूरी प्रक्रिया यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.inपर दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा सकेगी।

विद्यालयों के प्राचार्यों पर होगी जिम्मेदारी

बोर्ड ने सभी विद्यालय प्राचार्यों को निर्देश दिया है कि वे स्वयं लॉगइन कर छात्रों के विवरण की सावधानीपूर्वक जांच करें और समय रहते त्रुटियों को ठीक करें। निर्धारित समयसीमा के बाद किसी भी छात्र या विद्यालय को संशोधन का अवसर नहीं मिलेगा।

परिषद सचिव भगवती सिंह ने बताया कि यह कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूरी की जानी जरूरी है ताकि 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए छात्रों की जानकारी सही रूप में दर्ज हो सके। साथ ही सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस सूचना का व्यापक प्रचार सुनिश्चित करें।