24 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: संयुक्त राष्ट्र ने ट्रंप की शिकायतों पर पलटवार किया, व्हाइट हाउस टीम को ठहराया जिम्मेदार |अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के मंच से खराब एस्केलेटर और टेलीप्रॉम्प्टर की शिकायत के बाद संयुक्त राष्ट्र ने स्पष्ट किया है कि इसकी जिम्मेदारी ट्रंप की ही टीम की थी।
यूएन प्रवक्ता स्टीफन दुजैरिक ने कहा कि एस्केलेटर की गड़बड़ी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के वीडियोग्राफर की गलती से हुई, जिसने संभवतः गलती से सुरक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी थी। वहीं, टेलीप्रॉम्प्टर के संचालन की जिम्मेदारी भी व्हाइट हाउस टीम की थी।
गौरतलब है कि ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उनका एस्केलेटर बीच में ही बंद हो गया और टेलीप्रॉम्प्टर काम नहीं कर रहा था। उन्होंने हॉल में मौजूद लोगों से कहा कि “जो भी इसे चला रहा है, वह बड़ी मुसीबत में है,” जिस पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
संयुक्त राष्ट्र ने यह भी माना कि एस्केलेटर और लिफ्ट की समस्या नई नहीं है। न्यूयॉर्क और जेनेवा स्थित दफ्तरों में आर्थिक संकट के चलते हाल के महीनों में इन्हें कई बार बंद करना पड़ा है। यह संकट आंशिक रूप से अमेरिका से मिलने वाली फंडिंग में देरी के कारण भी उत्पन्न हुआ है।
ट्रंप ने अपने भाषण में संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि उन्होंने पिछले सात महीनों में सात युद्धविराम कराने में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि “ये काम यूएन का होना चाहिए था, लेकिन आज वे केवल कड़े शब्दों वाले पत्र लिखते हैं और उसके बाद कुछ नहीं करते।”













