UAE का पाकिस्तान पर दबाव, 17 अप्रैल तक 2 अरब डॉलर लौटाने की मांग

03 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk:   संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तान पर कर्ज चुकाने को लेकर दबाव बढ़ा दिया है। UAE ने पाकिस्तान को 2 अरब डॉलर का लोन 17 अप्रैल तक लौटाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही ब्याज दरों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है।

यह कर्ज साल 2018 में दिया गया था। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान के मुताबिक, इस पर पहले करीब 3% की दर से ब्याज लिया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 6.5% कर दिया गया है। इससे पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पर और दबाव बढ़ सकता है।

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच यह कदम उठाया गया है। ईरान और इज़रायल के साथ-साथ अमेरिका के बीच चल रहे संघर्ष ने क्षेत्रीय हालात को और जटिल बना दिया है।

इस बीच पाकिस्तान खुद को शांति स्थापित करने वाले देश के रूप में पेश कर रहा है और मिस्रतुर्की जैसे देशों के साथ बातचीत कर रहा है। हालांकि, उसकी इस कोशिश को खास सफलता नहीं मिलती दिख रही है।

वहीं, रूस ने अब इस मुद्दे में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नेतृत्व में रूस मध्य पूर्व में शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

UAE की यह सख्ती ऐसे समय में सामने आई है, जब पाकिस्तान पहले से ही आर्थिक संकट और अंतरराष्ट्रीय दबावों का सामना कर रहा है। ऐसे में तय समय सीमा तक कर्ज चुकाना उसके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।