15 January 2026 Fact Recorder
Sports Desk: वैभव सूर्यवंशी जब भी बल्लेबाजी करने उतरते हैं, तो छक्कों की बरसात तय मानी जाती है। उनका आक्रामक अंदाज ऐसा है कि हर सीरीज या टूर्नामेंट के अंत तक उनके नाम 15–20 छक्के जुड़ ही जाते हैं। लेकिन U19 वनडे वर्ल्ड कप 2026 में उनके बल्ले से निकलने वाला 20वां छक्का बेहद खास होने वाला है, क्योंकि यही सिक्स उन्हें पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दिलाने जा रहा है।
दरअसल, यह 20वां छक्का वैभव सूर्यवंशी को एक ऐसे रिकॉर्ड तक पहुंचा देगा, जिसे आज तक कोई भी बल्लेबाज हासिल नहीं कर पाया है। यही वजह है कि यह छक्का बाकी सभी छक्कों से कहीं ज्यादा अहम माना जा रहा है।
20वां छक्का क्यों होगा ऐतिहासिक?
क्रिकेट में बड़े-बड़े बल्लेबाज छक्के लगाते रहे हैं, लेकिन अंडर-19 वनडे क्रिकेट में जो कारनामा वैभव सूर्यवंशी करने जा रहे हैं, वह अब तक किसी के नाम नहीं है। जैसे ही वैभव U19 वर्ल्ड कप 2026 में अपना 20वां छक्का लगाएंगे, वे अंडर-19 वनडे क्रिकेट में 100 छक्के पूरे कर लेंगे।
इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी अंडर-19 वनडे क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह उपलब्धि उन्हें बाकी सभी युवा बल्लेबाजों से बिल्कुल अलग खड़ा कर देगी।
कम उम्र में बड़ा रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने 2024 में अंडर-19 वनडे क्रिकेट में कदम रखा था। वर्ल्ड कप 2026 से पहले तक उन्होंने 18 अंडर-19 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 80 छक्के दर्ज हैं। महज दो साल के छोटे से करियर में इस मुकाम तक पहुंचना अपने आप में हैरतअंगेज है।
छक्कों के मामले में वैभव पहले ही अंडर-19 वनडे क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर बांग्लादेश के जावद अबरार हैं, जिन्होंने 31 मैचों में 51 छक्के लगाए हैं। लेकिन 100 छक्कों का आंकड़ा छूना एक बिल्कुल अलग स्तर की उपलब्धि है।
वर्ल्ड कप में दोहरा रिकॉर्ड संभव
अगर वैभव सूर्यवंशी इस वर्ल्ड कप में अपना 20वां छक्का लगाते हैं, तो वे न सिर्फ 100 छक्कों का ऐतिहासिक आंकड़ा छुएंगे, बल्कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन सकते हैं। फिलहाल यह रिकॉर्ड 18 छक्कों का है।
कुल मिलाकर, U19 वर्ल्ड कप 2026 में वैभव सूर्यवंशी का हर छक्का चर्चा में रहने वाला है, लेकिन उनका 20वां छक्का उन्हें रिकॉर्ड बुक में हमेशा के लिए अमर कर सकता है।













