8 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Lifestyle Desk: शादी का सीजन शुरू होने वाला है और अगर आपके घर में भी शहनाइयां बजने वाली हैं, तो अब पारंपरिक रंगों से हटकर कुछ नया ट्राय करने का यह सही मौका है। भारतीय शादियों में हर रस्म का अपना अलग रंग और महत्व होता है, लेकिन बदलते फैशन के साथ अब दुल्हनें और मेहमान एक्सपेरिमेंटल कलर्स को भी खूब पसंद कर रहे हैं।
आजकल हल्दी, मेहंदी, संगीत और शादी की रस्मों में सिर्फ पीला, हरा और लाल ही जरूरी नहीं रह गया है। नए रंगों को शामिल करके आप हर फंक्शन को और ज्यादा खास व यादगार बना सकती हैं।
हल्दी में ये रंग करें ट्राय
अब हल्दी की रस्म में सिर्फ पीला पहनना जरूरी नहीं है। अगर आप कुछ अलग चाहती हैं, तो गुलाबी, लैवेंडर या ऑफ-व्हाइट रंग का आउटफिट चुन सकती हैं। सफेद कपड़ों पर पिंक या येलो शेड की एम्ब्रॉयडरी आजकल काफी ट्रेंड में है और हल्दी फंक्शन के लिए बेहद खूबसूरत लगती है।
मेहंदी में ग्रीन से हटकर सोचें
पहले जहां मेहंदी में हरे रंग का आउटफिट ही पहली पसंद होता था, अब दुल्हनें मिंट ग्रीन, पेस्टल ब्लू, मरून और टील जैसे शेड्स को चुन रही हैं। मेहंदी लगे हाथों के साथ ये रंग बेहद क्लासी और एलिगेंट नजर आते हैं।
संगीत में दिखाएं ग्लैमर
संगीत की रात ग्लैमर और मस्ती से भरी होती है। ऐसे में ब्लैक, व्हाइट, गोल्डन और सिल्वर के अलावा आप मैजेंटा, फ्यूशिया, क्रीम-पिंक और मिक्स कलर आउटफिट्स भी कैरी कर सकती हैं। ये रंग डांस फ्लोर और फोटो दोनों में शानदार लगते हैं।
शादी में लाल के अलावा भी हैं ऑप्शन
दुल्हन के वेडिंग आउटफिट की बात हो और लाल रंग का जिक्र न हो, ऐसा संभव नहीं। लेकिन आजकल पेस्टल शेड्स जैसे पीच, ब्लश पिंक, आइवरी और लाइट गोल्ड भी दुल्हनों की पहली पसंद बन रहे हैं। ये रंग न सिर्फ रॉयल लगते हैं बल्कि बेहद सॉफ्ट और ग्रेसफुल भी नजर आते हैं।













