29 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: उत्तरी अमेरिकी देश मेक्सिको में बड़ा रेल हादसा सामने आया है। अंतरमहासागरीय रेल सेवा की ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे कम से कम 13 लोगों की मौ/त हो गई, जबकि 90 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा ओक्साका राज्य के निजांडा शहर के पास हुआ, जिसके बाद प्रशांत महासागर को मेक्सिको की खाड़ी से जोड़ने वाली अहम रेल लाइन पर यातायात ठप हो गया।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि नौसेना ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है। राष्ट्रपति ने तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और सरकारी एजेंसियों को घटनास्थल पर भेजा गया है। ओक्साका के गवर्नर सोलोमन जारा को भी घायलों और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
घटनास्थल से सामने आईं भयावह तस्वीरें
हादसे के बाद सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में घटनास्थल की विचलित कर देने वाली तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इनमें पटरी से उतरे डिब्बे, घायल यात्रियों की मदद करते बचावकर्मी और अफरा-तफरी का माहौल साफ देखा जा सकता है।
60 से अधिक घायल अस्पतालों में भर्ती
गवर्नर सोलोमन जारा ने बताया कि हादसे में घायल 60 से अधिक यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को विशेष इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वक्त ट्रेन में करीब 250 यात्री सवार थे, जिनमें से 139 लोग सुरक्षित हैं।
पीड़ित परिवारों से मिलेंगे शीर्ष अधिकारी
राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा कि नौसेना सचिव और गृह मंत्रालय के उप सचिव को घटनास्थल पर जाकर मृतकों के परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मिलने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
2023 में शुरू हुई थी यह रेल सेवा
यह रेल सेवा साल 2023 में शुरू की गई थी, जो प्रशांत महासागर और मेक्सिको की खाड़ी को जोड़ती है। मेक्सिको सरकार इसे रणनीतिक और आर्थिक रूप से बेहद अहम मानती है। यह परियोजना दक्षिणी मेक्सिको में बुनियादी ढांचे के विकास और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। हादसे के कारण फिलहाल इस 290 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर परिचालन रोक दिया गया है।













