25 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में शनिवार देर रात सेक्टर-40/41 लाइट प्वाइंट पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पलसौरा निवासी 21 वर्षीय ध्रुव, 18 वर्षीय अंकुश और 16 वर्षीय विकास ट्रिपल राइडिंग करते हुए बाइक से रॉन्ग साइड से आ रहे थे। गश्त कर रही पुलिस को देखकर उन्होंने तेज रफ्तार में बाइक भगा ली और टेंपरेरी नंबर वाली आई-20 कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद तीनों युवक उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। हादसे में ध्रुव और विकास की मौके पर ही मौ*त हो गई, जबकि अंकुश की जान हेलमेट ने बचा ली।
ध्रुव घर का इकलौता बेटा था और जागरण में जाने के लिए देर रात घर से निकला था। हादसे के बाद मौके पर भीड़ तो जमा हुई, लेकिन लोग घायलों की मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे। बाद में पुलिस और पीसीआर मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने जांच में पाया कि बाइक की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। वहीं, हादसे के समय ट्रैफिक लाइट ब्लिंक कर रही थी जिससे टक्कर की आशंका और बढ़ गई। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, जिसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।











