फगवाड़ा-लुधियाना हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई कार, LPU के तीन छात्रों की मौ/त

10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Punjab Desk: फगवाड़ा-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव चाचोकी के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे सैकड़ों वाहन फंस गए।

आमने-सामने की टक्कर में गई जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटियोस कार (PB-10-DS-5210) में सवार तीनों युवक फगवाड़ा से फिल्लौर की ओर जा रहे थे। तेज रफ्तार के कारण कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन पहले डिवाइडर से टकराया। इसके बाद कार पलटते हुए दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रहे टाटा 407 ट्रक से उसकी जबरदस्त टक्कर हो गई।

मृ/तकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • साहिल मोहम्मद (23) पुत्र कश्मीर मोहम्मद

  • दलजीत भट्टी (20) पुत्र अवतार चंद

  • अवतार मेहमी (17) पुत्र देस राज मेहमी

तीनों युवक जालंधर जिले के थाना फिल्लौर क्षेत्र के गांव मुठड्डा कलां के निवासी थे और फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे थे।

ट्रक चालक घायल, अस्पताल में भर्ती

हादसे में ट्रक चालक विजय कुमार पुत्र मीत राम, निवासी लाडोवाल, घायल हो गया। उसे इलाज के लिए फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक को सुचारू कराया गया। तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

सड़क सुरक्षा फोर्स के अधिकारी मक्खन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह ओवर स्पीड सामने आई है। तेज गति के कारण कार अनियंत्रित हुई और यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।