हिसार में दर्दनाक हादसा: बहन की कोथली से लौट रहे युवक और उसके तीन दोस्तों की मौ*त, खाद से भरे ट्रक से भिड़ी कार

28 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Haryana Desk: हिसार में भीषण सड़क हादसा: बहन की कोथली देकर लौट रहे युवक समेत चार दोस्तों की दर्दनाक मौ*त                                                                                                              हरियाणा के हिसार जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौ*त हो गई। यह हादसा रविवार देर रात अग्रोहा के गांव नंगथला के पास हुआ, जब एक क्रेटा कार और खाद से भरे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चारों युवकों की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, क्रेटा कार बरवाला से अग्रोहा की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक अग्रोहा से बरवाला की तरफ आ रहा था। हादसा रात करीब 2 बजे नंगथला बस अड्डे के पास हुआ। मृतकों की पहचान किरोड़ी गांव के राममेहर, रविंद्र और प्रवीण तथा राजली निवासी राजू के रूप में हुई है। चारों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि राजू अपनी बहन को तीज पर कोथली (त्योहार पर दिया जाने वाला तोहफा) देने किरोड़ी गांव गया था। उसके साथ उसके तीन दोस्त भी थे। तीज मनाने के बाद वे रात में वापस लौट रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हो गया। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।