Tohana Goat Herder Attacked Baba Buta Basti Case | Fatehabad | Update News | फतेहाबाद में बकरी पालक से मारपीट: रात में बाड़े में घुसे दो नशेड़ी, मालिक की नींद खुलने पर किया हमला, धमकी देकर भागे – Tohana News

टोहाना के बाबा बूटा बस्ती में एक बकरी पालक के साथ रात को मारपीट की गई। पुलिस ने घायल के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित बलवंत ने बताया कि वह बकरी पालन का काम करता है और अपनी 30 बकरियों की देखभाल के लिए रात को बाड़े में सो रहा था।

जानकारी के अनुसार रात करीबन साढ़े 11 बजे उसी की कॉलोनी के रहने वाले दो युवक सुल्तान और गोला नशे की हालत में बाड़े की दीवार फांदकर अंदर घुस गए। बकरियों के शोर मचाने पर बलवंत की नींद खुली। उसने जब दोनों को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपियों ने गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों ने बलवंत पर ईंट और नुकीली वस्तु से हमला कर दिया।

जान से मारने की धमकी देकर भागे

उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। बलवंत के पिता बीरबल उसे घायल अवस्था में पहले नागरिक अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में अग्रोहा रेफर कर दिया गया। चंडीगढ़ रोड चौकी पुलिस ने पीड़ित बलवंत के बयान पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।