29 अक्टूबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Rashifal Desk: आज यानी 29 अक्टूबर 2025, कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि है और दिन बुधवार का है। सनातन धर्म में बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गणपति बप्पा की सच्चे मन से पूजा करने पर जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस बार अक्टूबर के आखिरी बुधवार को कई शुभ योग भी बन रहे हैं, जिससे दिन का महत्व और बढ़ गया है।
पंचांग के अनुसार, आज शुक्ल सप्तमी तिथि प्रातः 09 बजकर 23 मिनट तक रहेगी, जिसके बाद अष्टमी तिथि प्रारंभ होगी। धृति योग प्रातः 07 बजकर 51 मिनट तक रहेगा। करण वणिज प्रातः 09 बजकर 23 मिनट तक और इसके बाद विष्टि रात्रि 09 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। आज सूर्योदय सुबह 06 बजकर 31 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 05 बजकर 38 मिनट पर होगा। चंद्रोदय दोपहर 01 बजकर 04 मिनट पर तथा चंद्रास्त रात 11 बजकर 41 मिनट पर होगा।
सूर्य तुला राशि में और चंद्रमा मकर राशि में विराजमान रहेंगे। आज अभिजीत मुहूर्त नहीं है, लेकिन अमृत काल रात 10 बजकर 38 मिनट से दोपहर 12 बजकर 21 मिनट तक रहेगा। वहीं, राहुकाल दोपहर 12 बजकर 05 मिनट से 01 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। गुलिकाल सुबह 10 बजकर 41 मिनट से 12 बजकर 05 मिनट तक और यमगंड प्रातः 07 बजकर 54 मिनट से 09 बजकर 18 मिनट तक रहेगा।
आज चंद्रमा उत्तराषाढ़ा नक्षत्र में रहेंगे, जो सायं 05 बजकर 29 मिनट तक प्रभावी रहेगा। इस नक्षत्र के जातक मेहनती, धैर्यवान, मजबूत शरीर वाले, तीखे नयन-नक्श और ईमानदार स्वभाव के होते हैं। ये अच्छे भोजन और संगति के शौकीन, बुद्धिमान और दूरदर्शी माने जाते हैं। उत्तराषाढ़ा नक्षत्र के देवता विश्वदेव हैं, जो अप्रतिद्वंद्वी विजय के प्रतीक हैं। इस नक्षत्र का स्वामी सूर्य देव हैं, जबकि राशि स्वामी बृहस्पति और शनि देव हैं।