06 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर आज शिक्षा जगत के सबसे बड़े सम्मेलनों में से एक—अमर उजाला एजुकेशन फॉर भारत कॉन्क्लेव, एक्सपो एवं अवॉर्ड्स-2025—का साक्षी बनेगा। देश भर से नीति निर्माता, शिक्षाविद, तकनीकी विशेषज्ञ और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटेंगे, जहां 38 करोड़ से अधिक छात्रों के भविष्य को दिशा देने पर व्यापक चर्चा होगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी, यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, यूजीसी चेयरमैन प्रो. विनीत जोशी, स्कूल शिक्षा सचिव संजय कुमार सहित शिक्षा जगत के 60 से अधिक प्रमुख वक्ता शामिल होंगे। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग भी शिक्षा के बदलते परिदृश्य पर अपनी राय साझा करेंगे।
कॉन्क्लेव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई शिक्षा नीति, कौशल विकास, रोजगार, डिजिटल गैप और वेब-3/मेटावर्स जैसे विषयों पर गहन मंथन होगा। देश के शीर्ष स्कूलों और विश्वविद्यालयों के प्रमुख प्रिंसिपल्स राउंडटेबल और वाइस-चांसलर्स राउंडटेबल में शिक्षा 2.0 का ब्लूप्रिंट पेश करेंगे।
एडटेक एक्सपो में एआई-आधारित क्लासरूम, वर्चुअल लैब और स्मार्ट लर्निंग टूल्स का लाइव अनुभव कराया जाएगा।
साथ ही, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्कूलों को एडिटर्स च्वाइस स्कूल एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
यह आयोजन शिक्षा जगत में आने वाले समय की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण मंच साबित होने जा रहा है।











