चंडीगढ़ में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, शुरू हो रहा फ्लाईओवर प्रोजेक्ट

27 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों के लिए एक अच्छी खबर आई है। केंद्र सरकार ने ट्रिब्यून चौक पर बनने वाले 6-लेन फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। यह फ्लाईओवर लगभग 1.6 किलोमीटर लंबा होगा और इसके लिए 240 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस प्रोजेक्ट से न केवल चंडीगढ़ की ट्रैफिक समस्या में सुधार होगा, बल्कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले रोजाना के ट्रैफिक को भी बड़ी राहत मिलेगी। ट्रिब्यून चौक एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट पॉइंट है, जहां रोजाना सुबह और शाम भारी ट्रैफिक जाम होता है। यह प्रोजेक्ट एंबुलेंस और सार्वजनिक आवागमन के लिए भी राहत साबित होगा।

यह योजना पहली बार 2016 में बनाई गई थी, लेकिन हाई कोर्ट द्वारा पेड़ों की कटाई पर प्रतिबंध के कारण यह रुक गई थी। मई 2024 में हाई कोर्ट ने यह प्रतिबंध हटाया, जिसके बाद प्रशासन ने इस प्रोजेक्ट को फिर से तेजी से आगे बढ़ाया।

फरवरी 2025 में सांसद मनीष तिवाड़ी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर इस फ्लाईओवर का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की। इसके जवाब में जुलाई 2025 में इस प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी मिल गई है। अब इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।

उम्मीद है कि यह फ्लाईओवर अगले 18 से 24 महीनों में पूरा हो जाएगा और चंडीगढ़ को लंबे समय से जारी ट्रैफिक समस्या से छुटकारा मिलेगा।