22 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी, 23 जुलाई तक खराब रहेगा मौसम हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार देर रात से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश हुई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सड़कों पर जलभराव, भूस्खलन और आवागमन में दिक्कतें लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि कांगड़ा, चंबा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। बीते घंटों में सबसे अधिक बारिश कांगड़ा जिले में रिकॉर्ड की गई। उन्होंने बताया कि 23 जुलाई तक प्रदेशभर में मौसम खराब बना रहेगा और कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।
हालांकि 24 जुलाई से 27 जुलाई के बीच मौसम में सुधार आने की उम्मीद है, जब अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। विशेष रूप से भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।











