विजिलेंस ब्यूरो ने फरवरी के दौरान रिश्वतखोरी के 14 मामलों में 18 व्यक्तियों को रंगे हाथों किया गिरफ्तार*

चंडीगढ़, 19 मार्च 2026 Fact Recorder

Punjab Desk:  पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान फरवरी महीने में 14 अलग-अलग ट्रैप मामलों के तहत 17 सरकारी अधिकारियों और एक निजी व्यक्ति को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

आज यहां यह जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो ने इस दौरान सरकारी कर्मचारियों और हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया है।

प्रवक्ता ने बताया कि ब्यूरो ने पिछले महीने विभिन्न सक्षम अदालतों में 26 विजिलेंस मामलों से संबंधित चालान पेश किए। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच के लिए 3 विजिलेंस जांचें भी दर्ज की गई हैं। प्रवक्ता ने आगे कहा कि 35 मुलजिमों के खिलाफ 9 आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए, जिनमें 11 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं।

इस संबंध में अधिक विवरण साझा करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि विभिन्न सक्षम अदालतों ने पिछले महीने के दौरान ब्यूरो द्वारा दायर किए गए और लड़े गए रिश्वतखोरी के 4 मामलों का फैसला सुनाया, जिसमें चार व्यक्तियों को दोषी ठहराया गया और साढ़े तीन साल से चार साल तक की कैद तथा 10,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक के जुर्माने की सजा सुनाई गई।