09 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: प्लेबैक सिंगिंग से अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के बाद जब आमिर खान उनके घर पहुंचे थे, तब कयास लगाए जा रहे थे कि अभिनेता उन्हें अपना फैसला बदलने के लिए मनाने गए हैं। लेकिन अब इस मुलाकात के पीछे की असली वजह सामने आ गई है। आमिर खान ने खुद अरिजीत सिंह का शुक्रिया अदा करते हुए पूरे मामले पर से पर्दा उठा दिया है।
दरअसल, आमिर खान अपनी प्रोडक्शन हाउस की आने वाली फिल्म ‘एक दिन’ के सिलसिले में अरिजीत सिंह से मिलने गए थे। यह फिल्म आमिर के बेटे जुनैद खान और अभिनेत्री साई पल्लवी की जोड़ी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। आमिर ने अरिजीत से इस फिल्म के लिए गाना गाने का अनुरोध किया था, जिसे अरिजीत ने रिटायरमेंट की घोषणा के बावजूद स्वीकार किया।
आमिर खान प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर अरिजीत सिंह के साथ आमिर की एक तस्वीर साझा की है। फोटो में अरिजीत गिटार लिए बैठे हैं और आमिर खान से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ आमिर ने भावुक संदेश लिखा,
“हमारी फिल्म ‘एक दिन’ में अपनी आवाज देने के लिए अरिजीत आपका धन्यवाद। आपके, आपके परिवार और आपकी टीम के साथ बिताए चार दिन जादुई थे। ढेर सारा प्यार।”
आमिर के इस संदेश से साफ हो गया कि अरिजीत सिंह की आवाज फिल्म ‘एक दिन’ में सुनाई देगी और यही वजह थी कि आमिर उनके घर पहुंचे थे।
1 मई को रिलीज होगी फिल्म ‘एक दिन’
फिल्म ‘एक दिन’ में जुनैद खान और साई पल्लवी लीड रोल में हैं। हाल ही में जारी टीजर में दोनों की केमिस्ट्री, पहाड़ी इलाकों की खूबसूरत लोकेशन और भावनात्मक उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं। फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पिछले महीने किया था रिटायरमेंट का ऐलान
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने पिछले महीने 27 तारीख को प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा की थी। उन्होंने साफ किया था कि वह अब फिल्मों के लिए नए गाने नहीं गाएंगे, हालांकि संगीत बनाना और लाइव परफॉर्मेंस जारी रखेंगे।
अब आमिर खान की इस पोस्ट के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि उनकी और अरिजीत की मुलाकात किसी मनुहार के लिए नहीं, बल्कि एक खास फिल्मी सहयोग के लिए थी।













