10 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने गांव से लेकर सोशल मीडिया तक सनसनी फैला दी। एक युवती के अचानक गायब होने और उसके बिस्तर पर करीब 5 फीट लंबी सांप की केंचुल मिलने से यह अफवाह फैल गई कि युवती ‘नागिन’ बन गई है। हालांकि, पुलिस जांच में इस पूरे मामले की सच्चाई कुछ और ही निकली।
बिस्तर पर केंचुल और जेवर छोड़कर हुई गायब
जानकारी के मुताबिक, युवती का नाम रीना बताया जा रहा है। वह अपने घर से अचानक लापता हो गई। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर सांप की केंचुल के साथ रीना के कपड़े, अंगूठी, गले का धागा और चूड़ियां रखी मिलीं। इस अजीब नजारे के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं और देखते ही देखते यह अफवाह फैल गई कि युवती नागिन बनकर चली गई है।
अफवाह सुनकर उमड़ी भीड़
रीना के गायब होने की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों से लोग उसके घर पहुंचने लगे। कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे थे, तो कुछ डर और हैरानी में थे। हालात इतने बढ़ गए कि मामला पुलिस तक पहुंच गया।
पुलिस जांच में सामने आई पूरी कहानी
पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवती रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है और उसके बिस्तर पर सांप की केंचुल मिली है। शुरुआत में पुलिस भी चौंक गई, लेकिन जब मामले की गहराई से जांच की गई तो सच्चाई सामने आ गई।
पुलिस के अनुसार, रीना के परिवार वाले उसकी शादी कहीं और तय करना चाहते थे, जबकि वह इस शादी के लिए तैयार नहीं थी। युवती का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध था। इसी कारण उसने घर से भागने के लिए यह पूरा नाटक रचा, ताकि परिवार और गांव वाले उसे खोजने की कोशिश ही न करें।
खेतों में केंचुल तलाशती दिखी थी युवती
जांच में यह भी सामने आया कि रीना गायब होने से पहले दो-तीन दिनों तक खेतों में कुछ तलाशती नजर आई थी। माना जा रहा है कि वह पहले से ही अपने प्लान के तहत सांप की केंचुल खोज रही थी, ताकि घर से भागने के बाद लोग उसे ‘नागिन’ समझकर डर जाएं।
फोन साथ ले गई, सर्विलांस पर पुलिस
फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिला है। वह अपना मोबाइल फोन साथ ले गई है, जिसे पुलिस ने सर्विलांस पर लगा दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय
यह अनोखा मामला अब सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग हैरानी जता रहे हैं कि शादी से बचने के लिए कोई ऐसा खौफनाक ड्रामा भी कर सकता है।













