20 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तुरंत कार्रवाई होगी। ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों की भागीदारी से ट्रैफिक अनुशासन को मजबूत करने के लिए नया मोबाइल एप ट्रैफिक मित्र तैयार किया है, जिसे जल्द ही प्ले स्टोर पर लॉन्च किया जाएगा। एसएसपी ट्रैफिक सुमेर प्रताप सिंह के नेतृत्व में विकसित इस एप के जरिए कोई भी नागरिक ट्रैफिक नियम तोड़ते वाहन की फोटो या वीडियो अपलोड कर सकेगा। खास बात यह है कि अपलोड होते ही सिस्टम अपने आप लोकेशन कैप्चर कर लेगा, जिससे पुलिस को बिना देरी के कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। अब तक सोशल मीडिया पर भेजी जाने वाली शिकायतों में लोकेशन की कमी बड़ी समस्या थी, जिसे यह एप दूर करेगा।
ट्रैफिक मित्र एप में ट्रैफिक एडवाइजरी, ऑनलाइन चालान भुगतान, शिकायत दर्ज कराने और ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट्स तक पहुंच जैसी सुविधाएं भी होंगी। इसके जरिए नागरिक रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना हेलमेट दोपहिया चलाना, ओवरस्पीडिंग, ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां, साइकिल ट्रैक पर वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों की शिकायत कर सकेंगे। शिकायत दर्ज करते समय वाहन नंबर देना अनिवार्य होगा, जबकि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा अभद्र व्यवहार या रिश्वत मांगने की शिकायत भी इस एप पर की जा सकेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से न केवल ट्रैफिक अनुशासन सख्त होगा, बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।













