‘छनकटियां’ की झंकार थम गई: पंजाबी अभिनेता जसविंदर भल्ला के निधन पर CM मान ने जताया गहरा शोक”

‘छनकटियां’ की झंकार थम गई: पंजाबी अभिनेता जसविंदर भल्ला के निधन पर CM मान ने जताया गहरा शोक

22 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर 

Chandigarh Desk: पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन जसविंदर भल्ला का शुक्रवार सुबह 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। अपनी अनोखी हास्य शैली और बेहतरीन अदाकारी से लाखों दिलों में जगह बनाने वाले भल्ला ने कैरी ऑन जट्टा, नौकरी वोहटी दा जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में यादगार किरदार निभाए।

भल्ला के निधन की खबर से पंजाबी फिल्म जगत और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, “छनकटियां की झंकार के खामोश होने से मन बेहद दुखी है। जसविंदर भल्ला जी का यूं अचानक चले जाना अपूरणीय क्षति है। वाहेगुरु उन्हें अपने चरणों में स्थान दें, ‘चाचा चतरा’ हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।”

बताया जा रहा है कि जसविंदर भल्ला पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। उनके निधन पर पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों, राजनीतिक नेताओं और प्रशंसकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। आम आदमी पार्टी ने भी शोक जताते हुए कहा, “‘छनकाटे’ से शुरू हुई उनकी हंसी ने पंजाबियत, सच्चाई और समाज के रंगों को परदे पर जिंदा किया। उनका जाना अपूरणीय नुकसान है।”

जसविंदर भल्ला का अंतिम संस्कार शनिवार को मोहाली के बलौंगी श्मशानघाट में किया जाएगा। इस बीच उनके आवास पर शोक प्रकट करने वालों का तांता लगना शुरू हो गया है। पंजाबी सिनेमा में हास्य का एक सुनहरा अध्याय आज समाप्त हो गया।