Hindi English Punjabi

हरियाणा में BPL परिवारों की संख्या 51 लाख के पार, विपक्ष ने किया घेराव

26

13 March 2025: Fact Recorder

चंडीगढ़: करीब तीन करोड़ की जनसंख्या वाले हरियाणा में बीपीएल (Below Poverty Line) परिवारों की संख्या 51 लाख से भी अधिक हो चुकी है। यदि एक परिवार में औसतन चार सदस्य माने जाएं, तो प्रदेश में दो करोड़ से अधिक लोग बीपीएल श्रेणी में आते हैं। बीपीएल परिवारों की संख्या को लेकर पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा है।

नागरिक संसाधन सूचना विभाग की रिपोर्ट को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरता रहा है। बुधवार को कांग्रेस विधायक पूजा ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए सरकार से पिछले पांच वर्षों की रिपोर्ट की मांग की। कांग्रेस विधायक ने बीपीएल परिवारों की संख्या में वृद्धि और इस दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर जवाब मांगा।

प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने इस पर जवाब देते हुए बताया कि वर्ष 2020-21 में प्रदेश में बीपीएल परिवारों की संख्या आठ लाख 67 हजार 328 थी। वर्ष 2021-22 में यह संख्या बढ़कर आठ लाख 78 हजार 329 हो गई। इसके बाद, सरकार ने नागरिक संसाधन सूचना विभाग का गठन किया, जिसकी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2022-23 में बीपीएल परिवारों की संख्या बढ़कर 32 लाख 69 हजार 29 हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2023-24 में यह संख्या 44 लाख 91 हजार 12 तक पहुंच गई, और वर्ष 2024-25 के दौरान बीपीएल परिवारों की संख्या 51 लाख 83 हजार 253 हो गई।